16 मार्च 2019 - 17:27
 न्यूज़ीलैंड, आतंकी गिरफ़्तार, सड़कों पर निकले लोग, मस्जिद के बाहर ही अदा की नमाज़

न्यूज़ीलैंड की दो मस्जिदों पर हमला करने वाला आतंकी “ब्रेंटन टैरेंट” को पुलिस ने गिरफ़्तार करके अदालत में पेश कर दिया है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, 28 वर्षीय आतंकी ब्रेंटन टैरेंट ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है, आरोपी को शनिवार को हथकड़ी लगाकर क्राइस्टचर्च की अदालत में पेश किया गया। अदालत में पेशी के समय कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे जबकि सुरक्षा के मद्देनज़र सुनवाई बंद कमरे में की गई। मामले की सुनवाई के दौरान एक ग़ुस्साए व्यक्ति ने चाकू लेकर अदालत में घुसने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसके घुसने से पहले ही उसको गिरफ़्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आतंकवादी ब्रेंटन टैरेंट पर फिलहाल हत्या का आरोप लगाया गया है, अन्य आरोप बाद में तै किए जाएंगे।

दूसरी ओर न्यूज़ीलैंड में मस्जिदों पर हुए आतंकी हमले के बाद इस देश की आम जनता ने सड़कों पर निकल कर मुसलमानों और विशेषकर हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ अपनी हमदर्दी व्यक्त की और आतंकवाद के ख़िलाफ़ एकजुट होकर मुक़ाबले पर बल दिया। मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर न्यूज़ीलैंड के लोगों ने शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में हताहत होने वालों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और फूलों के गुलदस्तों को मस्जिद के द्वार पर रखा।